पत्नी का कत्ल कर शव नहर में फेंका
पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज करके शुरू की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
संगरूर। लहरागागा के नजदीकी गांव जलूर की एक महिला का उसके पति ने कत्ल करके शव नहर में फेंक दिया। थाना लहरा की पुलिस ने मृतका की मां के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
मृतका की मां कमलजीत कौर निवासी जलूर ने बताया कि उनकी लड़की किरनपाल कौर की शादी करीब बारह साल पहले जगजीत सिंह पुत्र हाकम सिंह निवासी कोटे लल्लू (लल्लूआना) के साथ हुई थी। शादी के कुछ साल के बाद ही जगजीत सिंह किरनपाल के साथ मारपीट करने लगा था। वह उसे मारपीट करके घर से निकाल देता था। इस बारे में किरनपाल ने कई बार पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई और मामला वुमन सैल के पास भी पहुंच गया। पति की मारपीट से परेशान किरनपाल कौर अपनी दो लड़कियों के साथ मिलकर पिछले कुछ माह से उसके पास जलूर आकर रहने लगी थी। 17 अगस्त को जगजीत सिंह बाइक पर उनके घर आया और कहने लगा कि अब वह उससे कभी मारपीट नहीं करेगा और यहीं पर जलूर गांव में उनके पास रहेगा। इस पर किरनपाल कौर भी सहमत हो गई।
19 अगस्त को जगजीत ने किरनपाल कौर से कहा कि वह उसके साथ गांव कोट लल्लू चले, जहां से बच्चों के जरूरी सर्टिफिकेट और जरूरी सामान लेकर आना है। जगजीत किरनपाल को बाइक पर बिठाकर अपने साथ ले गया। दोपहर 11 बजे जगजीत और किरनपाल कौर चले गए। शाम को जगजीत सिंह अपनी कार लेकर गांव जलूर में पहुंचा और अपनी सास कर्मजीत कौर से कहने लगा कि किरनपाल तो उसके साथ गई ही नहीं, बल्कि गांव जलूर के बस स्टैंड पर ही मोटरसाइकिल से उतरकर कहीं चली गई थी।
कर्मजीत कौर किरनपाल कौर की तलाश करती रही, लेकिन वह रात तक घर नहीं लौटी। उसने पुलिस में भी रिपोर्ट दर्ज करवाई। शुक्रवार को किरनपाल कौर की लाश बुढ़लाडा इलाके की नहर में से मिली। कर्मजीत कौर ने किरनपाल कौर की पहचान की और आरोप लगाया कि उसके दामाद जगजीत सिंह ने किरनपाल का कत्ल करके उसका शव नहर में फेंका है। थाना लहरागागा के एसएचओ जसवीर सिंह तूर ने बताया कि मृतका की मां कर्मजीत कौर के बयान के आधार पर जगजीत सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश के लिए छापामारी की जा रही है।