कैंसर को पछाड़ने के लिए शनिवार को तीसरी सालाना कैंसर जागरूकता वॉकाथन में सैकड़ों लुधियानवी सड़कों पर उतरे। स्वयंसेवी संगठन (एनजीओ) कैन फाइट कैंसर के बैनर तले शनिवार को विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों और स्कूली बच्चों ने कैंसर के प्रति आम लोगों को जागरूक किया। इस अवसर पर बच्चों को नशों से दूर रहने के लिए लघु नाटिका के जरिए प्रेरित किया गया। बच्चों को संतुलित भोजन करने और अच्छी सेहत के लिए निरंतर योग करने के भी टिप्स दिए गए।
एससीडी सरकारी कॉलेज में शनिवार सुबह तीसरी सालाना कैंसर जागरूकता वॉकाथन का आयोजन किया गया। इसमें करीब एक हजार लोगों ने हिस्सा लिया। वॉकाथन सरकारी कॉलेज से शुरू होकर आसपास के इलाकों में चक्कर लगा कर वापस कॉलेज परिसर में ही संपन्न हुई। इस दौरान बच्चों ने हाथ में पोस्टर और बैनर थामकर लोगों को कैंसर के बारे में जागरूक किया।
कैन फाइट कैंसर के संयोजक जगजीत सूद ने कहा कि संस्था वॉकाथन के अलावा स्कूलों एवं कॉलेजों में विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए भी लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करती है। इस अवसर पर सरकारी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. धर्म सिंह संधू, बीएसएनएल के एडीजीएम परवीन शर्मा मौजूद रहे। वॉकाथन में केवीएम स्कूल, देवकी देवी निकेतन स्कूल, पीसीटीई बद्दोवाल, योग फाउंडेशन और हेल्पिंग हैंड क्लब समेत कई संस्थाओं के लोग मौजूद रहे।
फोटो एयू पंजाब पर भेजी गई हैं।