संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर लुधियाना जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण-2026 अभियान अंतिम चरण में है। अब तक लगभग 98 फीसदी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
प्रशासन ने कुल 97.97 फीसदी कार्य निपटा लिया है। खन्ना, समराला, साहनेवाल, पायल, दाखा और रायकोट विधानसभा क्षेत्रों में संशोधन का काम शत-प्रतिशत पूरा हो गया है। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हिमांशु जैन ने बताया कि शेष हलकों में भी कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जिन नागरिकों को नोटिस मिले हैं या जिनके दस्तावेज की जांच बाकी है, उनके घर बूथ लेवल अधिकारी स्वयं पहुंचेंगे। काम में तेजी लाने के लिए आगामी शनिवार और रविवार को विशेष शिविर लगेंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय में सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। जैन ने नागरिकों से निष्पक्ष सूची बनाने में सहयोग की अपील की है।