लुधियाना। अनाज मंडी ट्रांसपोर्टेशन टेंडर घोटाले में गिरफ्तार पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु के नजदीकी कांग्रेसी पार्षद सन्नी भल्ला के बैंक खातों के साथ-साथ उसकी प्रॉपर्टी की जांच की जाएगी। विजिलेंस ने भल्ला के पारिवारिक सदस्यों के भी बैंक खातों और प्रॉपर्टी की जानकारी मांगी है। इसबीच पार्षद को कोर्ट ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। विजिलेंस ब्यूरो का कहना है कि पार्षद सन्नी भल्ला गलत तरीके से आशु के जरिये अपना पैसा इन्वेस्ट करता था। एजेंसी अब भल्ला के बैंक खातों और उसकी संपत्ति की जांच करेगी। विजिलेंस ने पार्षद के परिवारिक सदस्यों के भी बैंक खातों की डिटेल मांगी है और उनके नाम जो प्रापर्टी है उसकी जानकारी भी मांगी गई है। विजिलेंस ने बुधवार को सारा दिन और सारी रात पार्षद से पूछताछ की। इस दौरान यह जानकारी सामने आई कि सन्नी भल्ला और पूर्व मंत्री आशु के संबंध काफी अच्छे थे और एक दूसरे के जरिये दोनों ने अपने अपने पैसे इन्वेस्ट करवाए थे।
सन्नी भल्ला को विजिलेंस ने कड़ी सुरक्षा के बीच वीरवार को अदालत में पेश किया। विजिलेंस ने भल्ला का पांच दिन का रिमांड मांगा। जिसके बाद बचाव पक्ष के वकील राजीव कौशल ने इसका विरोध किया। उनका तर्क था कि एजेंसी राजनीतिक रंजिश के चलते केस को लंबा खींच रही है। जबकि आशु से पूछताछ में भी उसे कुछ नहीं मिला था। बचाव पक्ष के वकील ने कहा कि जब ठेकेदार तेलूराम से अदालत में पूछा गया कि वह पूर्व मंत्री आशु को जानता है तो उसने इन्कार कर दिया। तेलूराम ने कहा कि वह पूर्व मंत्री से कभी नहीं मिला। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पार्षद सन्नी भल्ला को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
सिंगला के घर से मिले कागजात के बाद भल्ला को किया गया गिरफ्तार
फूड एंड सप्लाई विभाग में डिप्टी डायरेक्टर रह चुके आरके सिंगला के राजगुरु नगर स्थित घर पर विजिलेंस की टीम ने छापे मारे थे। वहां से सोने चांदी के जेवरात के साथ साथ डेढ़ लाख रुपये की नकदी और विदेशी करेंसी बरामद की थी। विजिलेंस को आरके सिंगला के घर से कई ऐसे कागजात मिले जिसमें पूर्व मंत्री के आशु के नजदीकियों के नाम थे। सन्नी भल्ला को वहां से मिले कागजात के बाद ही गिरफ्तार किया गया है।
टेंडर घोटाले में 17 नामजद, 4 गिरफ्तार
ट्रांसपोर्टेशन टेंडर घोटाले में विजिलेंस ने पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु समेत 17 लोगों को नामजद किया है। जिनमें से भारत भूषण आशु, कांट्रैक्टर तेलू राम, आढ़ती कृष्ण लाल धोतीवाला और पार्षद सन्नी भल्ला को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा संदीप भाटिया, जगरूप सिंह, पंकज मीनू मल्होत्रा, इंद्रजीत इंदी, पूर्व उप निदेशक राकेश सिंगला, सेवानिवृत्त डीएफएससी सुरिंदर कुमार बेरी, पनसप के जिला प्रबंधक जगनदीप ढिल्लों (अब निलंबित), पार्षद पति अनिल जैन, मुल्लांपुर दाखा नगर परिषद अध्यक्ष तेलूराम बंसल के भाई महावीर बंसल व दो अन्य आढ़ती भी नामजद हैं।
कोट
पार्षद सन्नी भल्ला का दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। उनसे कई तरह के सवाल पूछे जाने बाकी हैं। पूछताछ जारी है जैसे ही कोई खुलासा होगा तो जरूर बताया जाएगा।
-रविंदरपाल सिंह संधू, एसएसपी विजिलेंस।