श्री खडूर साहिब। तरनतारन जिले के गांव भैल ढाए वाला में एक दुखद घटना सामने आई है जहां रूठकर मायके गई पत्नी को मनाने गए पति ने जहरीला पदार्थ निगल कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सुखचैन सिंह, जो स्कूल वैन चलाते थे, छह दिन पहले पत्नी रंजीत कौर को मनाने ससुराल पहुंचे।
पारिवारिक सदस्यों के सामने रंजीत कौर ने पति को बेइज्जत किया और साथ चलने से इन्कार कर दिया। हताश सुखचैन ने तुरंत अपने पिता मस्सा सिंह को फोन कर कहा कि वह अपनी पत्नी की मिन्नतों के बावजूद अपमानित हुआ, इसलिए वह जिंदा नहीं रह सकता। घटना की जानकारी मिलने पर सरपंच ने मोबाइल पर संपर्क कर सुखचैन की स्थिति बताई। उन्हें पहले गुरु किरपा अस्पताल फतेहबाद और फिर बेहतर इलाज के लिए जिला फिरोजपुर के अमनजीत अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार को उनका निधन हो गया।
थाना गोइंदवाल साहिब की पुलिस ने रंजीत कौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सुखचैन और रंजीत की दो वर्षीय बेटी सवरीत कौर भी है। मस्सा सिंह ने बताया कि रंजीत पहले भी अपने पति से झगड़ा करती रही है। संवाद