संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे मौजूद जखैनी पार्क के शेष भाग का विस्तार, विकास और उन्नयन का शेष कार्य 12.40 लाख की लागत से जल्द पूरा किया जाएगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की तरफ से टेंडरिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि शहर के भीतर जखैनी पार्क सबसे बडा इकलौता पार्क है और यह लगभग 55 कनाल जमीन पर फैला हुआ है। साल 2010 में पुष्पकृषि विभाग की तरफ से पुराने जखैनी पार्क के आधे हिस्से पर 1.68 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से अगस्त 2008 में विकास कार्य शुरू किया था और मार्च 2010 में यह बनकर तैयार हुआ। बाद में अप्रैल 2011 को इसे जनता के लिए खोला गया था। शहर का यह ऐसा पहला विकसित पार्क है जिसमें पार्किंग की सुविधा और प्रवेश शुल्क भी लागू किया गया है। लेकिन इसका शेष बचा हिस्सा अभी भी पूरी तरह से विकसित नहीं हो पाया है। जिसे अब चिल्ड्रन पार्क के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इसमें बच्चों के खेलने के लिए झुले लगाने के साथ ही यहां पहले से मौजूद मानव निर्मित झील की मरम्मत कर इसको सुंदर बनाने के लिए इसमें रंग बिरंगी छोटे-छोटे फव्वारे लगाने का काम हो रहा है और बाउंड्री वाॅल भी बनाई जा रही है।
-
जखैनी पार्क के शेष भाग के विस्तार, विकास और उन्नयन के शेष कार्य के लिए टेंडरिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है जिसके पूरा होते हुए आगे का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा।
रोहित गुप्ता,एईई, लोक निर्माण विभाग