-ई-कोर्ट पोर्टल पर चेक करने पर हुआ खुलासा, विभागीय जांच शुरू
-
भारत भूषण मित्तल
बठिंडा। फिल्लौर स्थित पंजाब पुलिस अकादमी में कोर्स करने गए दो पुलिसकर्मियों ने अकादमी से छुट्टी लेने के लिए बठिंडा अदालत के फर्जी समन बनाकर अपने अधिकारियों के पास पेश कर दिए। जब अकादमी अधिकारियों ने ई-कोर्ट पोर्टल पर समन चेक किए तो उनके फर्जी होने का खुलासा हुआ। इसके बाद फिल्लौर अकादमी के कमांडेंट कम डिप्टी डायरेक्टर आउटडोर ने एक पत्र के माध्यम से फर्जी समन पेश करने वाले हेड कांस्टेबल अनमोलवीर सिंह और एचसी कुलदीप सिंह को वापस उनके जिला बठिंडा ज दिया।
इससे पहले भी बठिंडा का एक पुलिसकर्मी नकल मारते पकड़ा गया था जिसको ट्रेनिंग से वापस भेज दिया गया था। वहीं फर्जी समन पेश करने वाले दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
इंटर मीडिएट स्कूल कोर्स करने अकादमी में आए हेड कांस्टेबल अनमोलवीर सिंह, हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह ने 4 अगस्त के लिए एडिशनल सेशन जज बठिंडा की अदालत में बतौर गवाह पेश होने के लिए अधिकारियों से मंजूरी मांगी थी। ई-कोर्ट पोर्टल पर जांच में पाया गया कि उनकी तारीख किसी और दिन है। ऐसा करके दोनों पुलिसकर्मियों ने गलत तरीके से मंजूरी लेने का प्रयास किया जो प्राथमिक तौर पर कानून का उल्लंघन है।
बठिंडा की एसएसपी अमनीत कोंडल का कहना था कि दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह पहले भी एक अन्य मामले का सामना कर रहा है। संवाद