मलोट (मुक्तसर)। पीआरटीसी रोडवेज की बस में बुधवार देर शाम बगैर टिकट सफर कर रही युवती के रिश्तेदारों ने दो टिकट चेकरों और बीच बचाव करने आए कंडक्टर की सरेआम धुलाई करवा दी। इससे गुस्साए पीआरसीटी के सैकड़ों कर्मचारी वीरवार सुबह सड़क पर उतर आए।
उन्होंने प्रांतीय अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में यातायात जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटा लगे जाम के चलते राजस्थान, हरियाणा, बठिंडा, मुक्तसर और फाजिल्का से आने वाले वाहन चालकों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलते ही एसपी (डी) गुरिंदरजीत सिंह, डीएसपी मनबिंदरबीर सिंह तथा थाना प्रभारी जसबीर सिंह पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार बठिंडा से चलकर मलोट आ रही पीआरटीसी की बस में बुधवार देर शाम थेहड़ी से दो टिकट निरीक्षक बस में सवार हुए और मलोट की युवती से टिकट मांगी। युवती के टिकट न दे देने पर निरीक्षकों ने दस गुणा जुर्माना भरने के लिए चालान बुक भर दी। इससे गुस्साई युवती ने मोबाइल से फोन कर अपने रिश्तेदारों को बुला लिया। कुछ देर में गाड़ियों में सवार होकर आए करीब डेढ़ दर्जन लोगों ने चैकरों तथा कंडक्टर के साथ मारपीट की।
बात थाना सिटी पुलिस तक पहुंच गई। रोडवेज कर्मियों ने मौके पर हाजिर एएसआई किशोर चंद से कार्रवाई की मांग की। मगर एएसआई ने कुछ कार्रवाई नहीं की। उल्टा कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया।
प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और रोडवेज कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले एएसआई को कार्रवाई में देरी करने पर सस्पेंड कर लाइन हाजिर करने के बाद यातायात बहाल हो सका। एसपी (डी) गुरिंदरजीत सिंह ने बताया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। कर्मचारियों के साथ दुर्व्वहार करने वाले एएसआई को सस्पेंड कर लाइन हाजिर किया गया है।