अमृतसर। पंजाब पुलिस ने इंडोनेशिया से बब्बर खालसा इंटरनेशनल के दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया जिन्हें मंगलवार शाम अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। आरोपियों के खिलाफ रंगदारी, हथियार और विस्फोटक भेजने जैसे गंभीर आरोप हैं। गिरफ्तार किए गए आतंकियों की पहचान अमृतसर के लाहौरी गेट निवासी सुखदेव कुमार उर्फ मुनीश बेदी और गुरदासपुर जिले के वेरोके गांव निवासी साजन मसीह के रूप में हुई है। दोनों आरोपी अमेरिका में गिरफ्तार किए गए हरप्रीत सिंह उर्फ हैपी पासियां के लिए काम कर रहे थे। इनका पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी और बब्बर खालसा के आतंकवादी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा से भी संपर्क था। जांच में यह पता चला कि दोनों आतंकवादी तीन साल पहले भारत छोड़कर आर्मेनिया के रास्ते कई देशों में गए और अंततः इंडोनेशिया में छिपे थे। उनके खिलाफ दर्जन भर से ज्यादा आपराधिक मामले बटाला, अमृतसर और गुरदासपुर में दर्ज हैं। संवाद