बाहरी इलाकों से हेरोइन की खेप लाकर महानगर में सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को थाना डिवीजन दो की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने साठ ग्राम हेरोइन भी बरामद की है। आरोपियों की पहचान जालंधर के फिल्लौर स्थित नूरमहल रोड के मोहल्ला रविदासपुरा निवासी यति शर्मा और बिंद्रा मार्केट स्थित न्यू हरे कृष्णा कालोनी निवासी लाखन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। वहां से दोनों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
पुलिस की ओर से दर्ज की गई शिकायत के मुताबिक पुलिस ने फील्डगंज और गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी नशा सप्लाई करने के आदी हैं और नशा सप्लाई करने के लिए आ रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों को नाकाबंदी के दौरान रुकने का इशारा किया लेकिन आरोपी मुड़ गए। पुलिस ने आरोपियों का पीछा कर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की। यति शर्मा के कब्जे से पुलिस ने 20 ग्राम और लाखन के कब्जे से पुलिस ने 40 ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी बाहरी इलाकों से नशीला पदार्थ लाकर महानगर में सप्लाई करते हैं।