संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। कोरोना के उपचार करने एवं जर्मनी में ज्यादा मांग होने का दावा कर पुराने टीवी की रेड मरकरी को बेचकर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये छीनने दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह निवासी बाबा फरीद नगर बठिंडा एवं बलराज सिंह निवासी मंडी कलां के तौर पर हुई है।
एसएसपी भूपिंदरजीत सिंह विर्क ने शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि थाना कैंट पुलिस के पास दी गई शिकात में स्वराज सिंह निवासी भागू रोड बठिंडा ने बताया किआरोपियों ने 24 फरवरी को उसके साथ संपर्क किया और बताया कि उन्हें पुराने टेलीविजन वाली ट्यूब से रेड मरकरी दिलवाकर आगे लाखों रुपये में बेचने का ठेका मिला है। इसमें पुरानी मरकरी काफी सस्ती मिल सकती। जर्मनी की एक कंपनी को मरकरी बेचकर रातों रात अमीर बन सकते हैं।
एसएसपी ने बताया कि स्वराज सिंह आरोपियों के झांसे में आ गया व उसने पैसों का इंतजाम भी कर लिया। वह पांच लाख रुपए देने के लिए 24 फरवरी को वह ग्रीन व्यू पैलेस के पास चला गया। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने पैसे देने के लिए कहा। जब उसने लिखा-पढ़ी करने की बात कही तो उन्होंने स्वराज सिंह को धक्का मारकर नीचे गिरा दिया व बैग में रखे पांच लाख रुपये छीनकर फरार हो गए। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को मोटरसाइकिल पर भागते हुए गोनियाना रोड पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से साढे़ चार लाख रुपये बरामद हो गए हैं।