संवाद न्यूज एजेंसी
बठिंडा। जिले के भगता भाई का कस्बे में चोरों ने एक ज्वेलर की दुकान से बीस तोले सोना और दो किलो चांदी चोरी कर ली। यह वारदात रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि को गैस कटर का इस्तेमाल कर अंजाम दी गई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना भगता भाई का के एसएचओ परबत सिंह ने बताया कि गुरमेल ज्वेलर की दुकान को निशाना बनाया गया। चोरों ने करीब डेढ़ बजे गैस कटर से दुकान के ताले काटे। चोरी की घटना का पता सोमवार सुबह तब चला जब लोग टहलने निकले। पुलिस ने ज्वेलर गुरमेल सिंह के बयान दर्ज किए हैं। एसएचओ ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। दुकान मालिक के अनुसार, चोर बीस तोले सोना और दो किलो चांदी ले गए हैं।
भगता भाई का कस्बे में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी वारदात है। दिवाली के बाद पिछले सोमवार को एक डेयरी पर गैंगस्टर ने गोलियां चलवाई थीं। इस घटना के बाद अब ज्वेलर दुकान में चोरी हुई है। पुलिस इन दोनों घटनाओं को लेकर सतर्क हो गई है।
दो घंटे के करीब चोर रहे दुकान में
ज्वेलर की सेफ का ताला न टूटा तो गैस कटर से बैक साइड चीरकर दिया चोरी को अंजाम
भगता भाई का से जुड़े सूत्रों ने बताया कि चोरों ने पहले गैस कटर से दुकान के ताले तोड़े फिर दुकान अंदर पड़ी सेफ का अगला ताला जब नहीं टूटा तो चोरों ने गैस कटर से सेफ की बैक साइड को चीर दिया और सेफ में रखे बीस तोले सोना और दो किलो चांदी को चोरी कर ले गए। सूत्र बताते हैं कि चोर रात को डेढ़ बजे के करीब दुकान में घुसे और सुबह साढ़े तीन बजे तक चोरी करके फरार हो गए।