संवाद न्यूज एजेंसी
राजपुरा। राजपुरा तहसील में पड़ते गांव उरदन के श्रद्धालुओं से भरा ट्रक होशियारपुर के गढ़शंकर के पास 15 फीट गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और करीब 50 लोग घायल हो गए। घायलों में 20 की हालत गंभीर है, जिनमें से ज्यादातर को पीजीआई भेजा गया है। पटियाला लोकसभा क्षेत्र से बसपा के उम्मीदवार जगजीत सिंह छरबड़ ने बताया कि गांव उरदन से करीब 70-80 श्रद्धालु खुलारगढ़ के गुरुद्वारा चरण गंगा साहिब में बाबा स्वर्ण दास की बरसी में शामिल होने गए थे। ट्रक पर श्रद्धालु सवार थे और ट्रक बीच में छत डालकर डबल की हुई थी। रात साढ़े नौ बजे तीर्थयात्री समारोह से वापस लौट रहे थे। तभी खुलारगढ़ और गढ़शंकर के बीच ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया, जिससे तीन तीर्थयात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों का गढ़शंकर अस्पताल और पीजीआई में इलाज चल रहा है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने पंजाब सरकार से मृतक तीर्थयात्रियों के परिवारों के लिए दस लाख की मुआवजा राशि और घायलों के मुफ्त इलाज की मांग की है।