लुधियाना। ट्राला चलाने की आड़ में झारखंड से अफीम की खेप लाकर महानगर में सप्लाई करने वाले एक आरोपी को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने काबू किया है। एसटीएफने आरोपी को जीटी रोड पर ट्रांसपोर्ट के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एसटीएफ ने आधा किलो अफीम और चार सौ ग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में गांव लोहट बद्दी निवासी अमरीक सिंह के खिलाफ थाना मोती नगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर रामपाल ने बताया कि पुलिस पार्टी ने इलाके में नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान आरोपी वहां से गुजर रहा था। पुलिस पार्टी ने आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अफीम और चूरापोस्त बरामद की। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी ट्राला चालक है और ट्राला चला कर वह झारखंड जाता आता था। इसी की आड़ में आरोपी शार्टकट तरीके से पैसा कमाने के चक्कर में नशा सप्लाई का धंधा करने लगा। आरोपी ने खुद भी नशा करना शुरु कर दिया और नशे के लिए ही आरोपी नशा सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। वहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है कि आरोपी अफीम किस व्यक्ति से लाकर किन लोगों को काबू किया।