संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। श्रीनगर में पाकिस्तान सीमा पर तैनात लुधियाना के गांव भनोहड़ निवासी सेना के जवान बिक्रमजीत सिंह को जोधां पुलिस द्वारा 255 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किए जाने के तीन दिन बाद तीन और नशा तस्करों की गिरफ्तारी हुई हैं। इनमें दो भारतीय सेना के सैनिक हैं, जिनकी पहचान जसविंदर सिंह निवासी झिंगर कलां होशियारपुर और बलजिंदर सिंह उर्फ बल्ली निवासी चंद भान जैतो फरीदकोट के तौर पर हुई है। जोधां पुलिस उन्हें भी श्रीनगर से गिरफ्तार करके लाई है। गिरफ्तार किया गया तीसरा आरोपी गांव जैतो निवासी गुरदेव सिंह है।
जोधां पुलिस ने गिरफ्तार इन चार के अलावा तीन और नशा तस्करों को इस मुकदमे में नामजद किया है। पुलिस बाकी तीनों के नाम नहीं बता रही है। पुलिस के अनुसार शनिवार देर रात पकड़े गए सेना के दोनों जवान भी ड्रग नेटवर्क का हिस्सा थे। ये विक्रमजीत के साथ मिलकर श्रीनगर से हेरोइन सप्लाई करते थे। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान सख्ती से पूछताछ में पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। गौरतलब है कि तीन दिन पहले जोधां पुलिस ने श्रीनगर में तैनात बिक्रमजीत सिंह को 255 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। बिक्रमजीत सिंह 10 मई को छुट्टी आया था और तब से ही इलाके में हेरोइन बेच रहा था। श्रीनगर में तैनाती के दौरान बॉर्डर पार से हेरोइन लाकर छुट्टियों के दौरान पंजाब में सप्लाई करता था। सात महीने पहले उसकी श्रीनगर में पोस्टिंग हुईं थी। वो तीन से चार बार छुट्टी लेकर अपने गांव आ चुका था। विक्रमजीत श्रीनगर में बॉर्डर पार से आने वाली हेरोइन को लाइन ऑफ कंट्रोल के पास से उठा कर पंजाब में बेचता था। बिक्रमजीत सिंह ने सोशल मीडिया के जरिये भी अपने ग्राहक बनाए। बिक्रमजीत सिंह के बैंक खाते भी पुलिस खंगालेगी। पुलिस ने उसके बैंक खातों की सारी डिटेल हासिल कर ली है।