पुलिस जांच में हुआ खुलासा, आरोपियों की तलाश जारी
भारत भूषण मित्तल/संवाद
बठिंडा। जिले के भगता भाई का में एक डेयरी पर 10 नवंबर को हुई गोलीबारी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला है कि इस वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपी सेना कर्मी हैं। ये तीनों उत्तर प्रदेश में किसी सेना यूनिट में तैनात हैं। पुलिस ने तीनों को नामजद कर लिया है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आल्टो कार के जरिये आरोपियों तक पहुंच बनाई। सूत्रों के अनुसार, वारदात वाले दिन तीनों आरोपी आल्टो कार से आए थे। उन्होंने भगता थाना क्षेत्र के गांव कांगड़ा के पास से एक मोटरसाइकिल लूटा था। एक आरोपी कार लेकर रुक गया, जबकि दो अन्य लूटे गए मोटरसाइकिल पर सवार होकर डेयरी पर गोलीबारी करने गए। वारदात के बाद दोनों ने मोटरसाइकिल सुनसान जगह पर फेंक दिया और अपने कार सवार साथी के साथ भाग निकले। सीसीटीवी फुटेज से कार का सुराग मिला और पंजीकरण संख्या की जांच से पता चला कि कार तरनतारन जिले के एक आरोपी के नाम पर है। कार मालिक से पूछताछ से पुलिस को पता चला कि उसके दो अन्य साथी भी सेना कर्मी हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अग्निवीर हैं या नियमित सेना कर्मी।
आरोपियों की तलाश में छापे :
पुलिस ने खुलासे के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें बनाईं। एक टीम ने धुरी से संबंधित एक आरोपी के घर पर छापा मारा। दूसरी टीम ने तरनतारन जिले से संबंधित बाकी दोनों आरोपियों के घरों पर छापे मारे। हालांकि, पुलिस को अभी तक कोई भी आरोपी हाथ नहीं लगा है। पुलिस अधीक्षक सुहैल कासिम मीर ने कहा कि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में और जानकारी दी जा सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर रही है।