संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। प्रेम विवाह के बाद काम न करने के कारण पत्नी और उसके रिश्तेदारों के तानों से तंग पिता ने अपने बेटे को नहर में धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी खुद बच्चे को घुमाने के बहाने घर से साथ ले गया था। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो मामले का खुलासा हुआ।
इसके बाद थाना कूमकलां पुलिस ने कपूरथला के गांव मनयूरवाल निवासी भूपिंदर सिंह के खिलाफ हत्या कर शव को खुर्द बुर्द करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस बच्चे के शव का पता लगाने में जुटी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। भूपिंदर सिंह का श्री भैणी साहिब इलाके में रहने वाली हरजीत कौर के साथ करीब पांच साल पहले प्रेम विवाद हुआ था। हरजीत कौर पढ़ी लिखी थी और आरोपी आठवीं पास है। वह कोई काम नहीं करता था और शराब पीने का आदी भी था।
हरजीत का अपना बुटीक था और काम भी अच्छा था। परिवार वाले और सगे संबंधी हरजीत कौर के पास आकर उसे ताने देते थे, जिस कारण भूपिंदर सिंह काफी परेशान था। पत्नी को सबक सिखाने के लिए वह एक सितंबर को बाइक पर बेटे को घुमाने के बहाने ले गया। आरोपी ने रास्ते में बेटे को नहर में धक्का दे दिया। पहले तो आरोपी ने सोचा कि वह खुद भी आत्महत्या कर लेगा, लेकिन हिम्मत नहीं हुई। इसके बाद वह वहां से चला गया। परिवार ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।