-आईएएस अफसर शिकायत पर एसएसपी लखबीर सिंह की शिकायत पर हुई कार्रवाई, विभागीय जांच के आदेश
-
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर।
विजिलेंस विभाग अमृतसर में तैनात एसएसपी लखबीर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी की शिकायत के आधार पर की गई है जिसमें अमृतसर के रंजीत एवेन्यू इलाके में 55 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत विकास कार्यों में गड़बड़ी से जुड़े गंभीर आरोप उठाए गए हैं। शिकायत में कहा गया है कि करोड़ों रुपये के भुगतान के बावजूद योजनाओं का कार्य धरातल पर नजर नहीं आया।
मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद जांच शुरू की गई। राज्य सरकार ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी लखबीर सिंह को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस महकमे और प्रशासनिक अधिकारी मामले पर उच्च स्तर से निगरानी रख रहे हैं और आने वाले दिनों में जांच में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
विक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी में थी अहम भूमिका
लखबीर सिंह मार्च 2025 में अमृतसर विजिलेंस एसएसपी के रूप में तैनात हुए थे। उन्हें 25 जून 2025 को चर्चित विक्रम मजीठिया गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने के लिए जाना जाता था लेकिन कुछ ही महीनों में उन पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप उठने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि इस निलंबन से पुलिस महकमे में हलचल बढ़ गई है। इससे पहले भी अमृतसर देहाती के एसएसपी मनिंदर सिंह को निलंबित किया जा चुका है, जिससे विभाग में सतर्कता और जवाबदेही के सवाल खड़े हुए हैं।
ठेकेदार और परियोजना अधिकारियों से पूछताछ
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी फिलहाल मामले की जांच में जुटे हैं। बैंक खातों और भुगतान दस्तावेजों की समीक्षा के साथ-साथ संबंधित ठेकेदार और परियोजना अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि योजनाओं में धन का दुरुपयोग हुआ है या नहीं। इस पूरे प्रकरण पर राज्य सरकार की ओर से भी उच्च स्तरीय निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक होने पर अतिरिक्त विभागीय कदम उठाए जाएंगे, ताकि भ्रष्टाचार और लापरवाही के मामलों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।