रात को अस्पताल में दाखिल दोस्त के पास रुककर आ रहा था वापस
डिवीजन सात पुलिस ने कार सीधी करवा सड़क से हटवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। डीएमसी अस्पताल में दाखिल अपने दोस्त के पास रुकने के बाद सुबह कार से घर जा रहे युवक को नींद आ गई और उसकी कार बेकाबू हो गई। बेकाबू कार डिवाइडर से टकराकर पलटियां खाते हुए गिर गई। गाड़ी के पलटते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी और घायल सचिन सिंगला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
थाना डिवीजन सात की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह से कार सीधी करवाई और सड़क किनारे खड़ी करवाई। सचिन सिंगला के भाई दीपक सिंगला ने बताया कि सचिन का दोस्त डीएमसी अस्पताल में दाखिल था और उसका भाई अपने दोस्त के पास ही रात को रुका था। सुबह जब दोस्त के पारिवारिक सदस्य आ गए तो वह कार से घर की तरफ चल दिया। रास्ते में उसे नींद की वजह से झपकी लगी और कार असंतुलित हो गई, जिससे कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। सचिन को राहगीरों ने कार से बाहर निकाला। राहगीरों ने ही फोन पर घटना की सूचना दी। फिलहाल कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। सुबह ट्रैफिक पुलिस की मदद से कार को सड़क से हटवाकर सुरक्षित जगह रखवाया। फिलहाल सचिन की हालत खतरे से बाहर है।