संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल। नंगल डैम के पास सोमवार देर रात सवारियों से खचाखच भरी एचआरटीसी की बस के टायरों में आग लग गई। आनन-फानन में सवारियों को बस से उतारा गया। इसके बाद उन्हें सवारियों को अन्य बसों में बैठा कर रवाना किया गया।
दरअसल सोमवार की रात एचआरटीसी हमीरपुर डिपो की बस संधोल से दिल्ली जा रही थी। नंगल डैंम के निकट पंहुचते ही बस के टायरों से धुंआ उठते देख बस के यात्रियों ने शोर मचाया। इस पर बस चालक सलीम मुहम्मद ने बस को रोककर सवारियों को उतारा। तब तक टायरों में आग भड़क चुकी थी। लोगों ने एनएफएल के अग्निशम विभाग को घटना की जानकारी दी। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों के पता नहीं चल पाया। सलीम मुहम्मद ने बताया कि टायरों को खोल कर जांच करने पर ही पता चलेगा कि आग क्यों लगी। उधर, एनएफएल अग्निशमन विभाग के कर्मचारी वीरेंद्र मट्टू ने कहा कि अगर उनकी टीम मौके पर आकर आग पर काबू ना पाती तो नुकसान अधिक हो सकता था।