संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पक्खोवाल रोड की मैरिडियन लेन इंक्लेव इलाके में एक महिला ने कोठी का सौदा कर दो लोगों से 75 लाख रुपये ले लिए और साठ लाख रुपये का लोन भी चुकता करवा लिया।
पैसे लेने के बाद आरोपी महिला ने कोठी की न रजिस्ट्री करवाई और न ही पीड़ितों के पैसे लाैटाए। पीड़ित माॅडल ग्राम के ग्रीन फील्ड इलाके में रहने वाले खुशिपंदर कुमार ने इसकी शिकायत पुलिस के पास की, जांच के बाद आरोप सही पाए गए। पुलिस ने इस मामले में खुशपिंदर कुमार की शिकायत पर मैरिडियन लेन इंक्लवे की रहने वाली रमा गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी महिला की तलाश में जुटी है।
सुखपिंदर कुमार द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक आरोपी महिला ने अपनी कोठी बेचनी थी। कोठी उन्होंने अपने दोस्त रोहित कुमार के साथ जाकर देखी जो उन्हें पसंद आ गई। उन्होंने सौदा करने के बाद 75 लाख रुपये आरोपी महिला रमा गुप्ता को दे दिए और बाकी साठ लाख रुपये लोन के बैंक को चुका दिए ताकि कोठी फ्री हो जाए और रमा गुप्ता रजिस्ट्री उनके नाम करवा सके। पैसे लेने के बाद आरोपी महिला के तेवर ही बदल गए और वह टालमटोल करने लगी। बार बार पैसे वापस करने या फिर रजिस्ट्री करवाने की बात की गई, लेकिन आरोपी महिला ने कोई जवाब नहीं दिया। इस कारण आरोपी महिला के खिलाफ पुलिस के पास शिकायत की गई। जांच के बाद आरोप सही पाए गए और थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू कर दी है।