फतेहगढ़ साहिब। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने गुरुद्वारा श्री फ़तेहगढ़ साहिब में छोटे साहिबज़ादों को नतमस्तक होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस नाम साहिबजादों की शहादत के महत्व को सही ढंग से व्यक्त नहीं करता। उनका मानना है कि इसे साहिबज़ादों का बलिदान दिवस करना अधिक उपयुक्त और मर्यादापूर्ण होगा, जो सिख संगत की भावनाओं के अनुरूप है।
अमन अरोड़ा ने सांसद मलविंदर सिंह कंग और गुरमीत सिंह मीत हेयर के साथ बाबा जोरावर सिंह जी, बाबा फ़तेह सिंह जी और माता गुजरी जी के समर्पित बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि छोटे साहिबज़ादों की शहादत धर्म, साहस और अडिग आस्था के सर्वोच्च आदर्शों का प्रतीक है और आज भी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और अन्य सांसद पहले ही इस बदलाव की आवश्यकता पर जोर दे चुके हैं, ताकि देश-विदेश में बसे सिख समुदाय की भावनाओं और धार्मिक संवेदनशीलता का सम्मान सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर विधायक लखबीर सिंह राय, रुपिंदर सिंह हैप्पी, देविंदरजीत सिंह लाडी ढोस, पर्यटन विभाग के सलाहकार दीपक बाली और उपायुक्त डॉ. सोना थिंद भी मौजूद थे। संवाद