अमृतसर। शहर के राम तीर्थ रोड पर स्थित एक सुनसान खाली प्लॉट में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव को देखकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच है, लेकिन उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। युवक के हाथ पर गोपी नाम का टैटू बना हुआ है, जो उसकी पहचान में अहम कड़ी साबित हो सकता है। इस टैटू के आधार पर पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज से हुई है लेकिन पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होंगे। शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इसके अलावा, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और लापता युवकों की सूची से भी मिलान कर रही है। पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद