4 नवंबर को चंडीगढ़ में होगा जख्म 84 के कॉन्क्लेव
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। 1984 के सिख विरोधी दंगों और कत्लेआम की पीड़ा से नई पीढ़ी को रूबरू कराने के लिए भाजपा चार नवंबर को चंडीगढ़ में जख्म 84 के नाम से कॉन्क्लेव आयोजित करेगी। इसमें पीड़ितों के संघर्ष, इंसाफ की लड़ाई और पुनर्वास के मुद्दों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम की शुरुआत चित्रों और दस्तावेजों की प्रदर्शनी से होगी।
शनिवार को लुधियाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि कार्यक्रम में उद्घाटन सत्र के अलावा पांच चर्चा सत्र होंगे। उद्घाटन सत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री और सज्जन कुमार केस में पीड़ितों की ओर से हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करने वाले वरिष्ठ वकील रवि शंकर प्रसाद मुख्य वक्ता होंगे।
पहले सत्र में पीड़ित अपनी आपबीती साझा करेंगे। दूसरे सत्र में क्या नरसंहार एक साजिश थी? विषय पर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एचएस फूलका, अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व चेयरमैन तरलोचन सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह विचार रखेंगे। तीसरे सत्र में न्याय से वंचित रखने, साक्ष्य मिटाने और अभियुक्तों को तत्कालीन राजनीतिक संरक्षण देने के पहलुओं पर चर्चा होगी। चौथे सत्र में दोषियों को सजा दिलाने में भाजपा के प्रयासों और पांचवें सत्र में पीड़ित परिवारों के पुनर्वास पर मंथन होगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पुनर्वास कार्यों का ब्योरा देंगे।
आप की सूची पर कसा तंज :
ढिल्लों ने आप की पहली उम्मीदवार सूची पर तंज कसते हुए कहा कि इसमें ज्यादातर इधर-उधर भागने वाले नेता हैं जिन्हें शांत रखने के लिए जल्दबाजी में टिकट दिए गए हैं। नशे के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पंजाब में हालात भयावह हैं और जनता मौजूदा सरकार से नाराज है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आचार संहिता लागू होते ही ग्रामीण जनता सत्ताधारी दल के नेताओं को गांवों में घुसने नहीं देगी। मौके पर प्रदेश महामंत्री अनिल सरीन, जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल और प्रेस सचिव डॉ. सतीश कुमार भी मौजूद रहे।