संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। लुधियाना के बद्दोवाल ललतों लिंक सड़क पर आठ अक्टूबर को हुई लूट का मास्टरमाइंड बैंक मुलाजिम ही निकला। माइक्रो बैंक के मुलाजिम ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर साजिश रची थी जिसे दाखा पुलिस ने बेनकाब कर दिया है। पुलिस ने जांच के बाद माइक्रो बैंक ब्रांच अहमदगढ़ मंडी के मुलाजिम जसप्रीत सिंह निवासी जवाहरके जिला मानसा को लूट की साजिश में शामिल परविंदर सिंह निवासी हसनपुर बुढलाडा जिला मानसा को गिरफ्तार किया है। 90 हजार 828 रुपये लूटे गए थे, जिनमें से आरोपियों से 85 हजार 200 रुपये बरामद हुए हैं।
डीएसपी दाखा वरिंदर सिंह खोसा और थाना प्रभारी हमराज सिंह चीमा ने बताया कि स्वतंत्र माइक्रो फिन प्राइवेट लिमिटेड बैंक की ब्रांच अहमदगढ़ मंडी के मैनेजर रेशम सिंह निवासी आतलां कलां जिला मानसा की शिकायत पर 10 अक्टूबर को केस दर्ज कर जसप्रीत सिंह और परविंदर सिंह को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों से पूछताछ के बाद उनके साथी खुज्जल निवासी हसनपुर बुढलाडा को भी नामजद किया है। खुज्जल को पांच हजार रुपये का लालच देकर साथ मिलाया था। बैंक मैनेजर ने शिकायत में बताया कि 8 अक्टूबर को उनका मुलाजिम रोजाना की तरह बैंक के ग्राहकों से उगाही करने गया था। दोपहर 12.50 बजे जसप्रीत ने बताया कि बद्दोवाल ललतों लिंक सड़क पर बाइक सवार चार हथियारबंद लुटेरों ने उसे रुपये लूट लिए। बैंक मैनेजर मौके पर पहुंचे। इससे पहले जसप्रीत ने 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली थी। रेशम सिंह ने अपनी शिकायत में जसप्रीत पर संदेह जाहिर किया क्योंकि वो लगातार बयान बदल रहा था। घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें कोई संदिग्ध बाइक नहीं दिखी।