मामले की जांच करने में जुटी है थाना डिवीजन सात पुलिस, पुलिस लाइन में थे तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पंजाब पुलिस में बतौर सब इंस्पेक्टर तैनात अरविंदर सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई और उनका शव वर्धमान के पास स्थित एलआईजी फ्लैट में मिला, जहां वह रहते थे। आसपास के लोगों ने शव देख कर इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही एसीपी पूर्वी रुपदीप कौर और थाना डिवीजन सात की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी रुपदीप कौर ने बताया कि अरविंदर सिंह मूल रूप से गुरदासपुर के रहने वाले थे, लुधियाना पुलिस लाइन में पिछले काफी समय से तैनात थे।
परिवार वालों को सूचना दे दी गई है। पुलिस जांच में जुटी है कि आखिर अरविंदर सिंह की मौत कैसे हुई है। मंगलवार को कंट्रोल रूप को सूचना मिली थी कि अरविंदर सिंह की फ्लैट में संदिग्ध हालात में मौत हुई है। इसके बारे में पड़ोसियों ने पुलिस को बताया था। उसके तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को भी मामले की सूचना दे दी है। पुलिस की इन्वेस्टिगेशन टीम मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही पता लग पाएगा कि अरविंदर सिंह की मौत कैसे हुई है।