लुधियाना के सेंट्रल इलाके में सोमवार की दोपहर पुरानी रंजिश के चलते दो गुट आमने-सामने हो गए। दोनों गुटों में ईंट पत्थर चले और तेजधार हथियार से हमला किया गया।
आरोपी ठेके के अंदर घुस गए और वहां से शराब बोतलें उठाकर एक दूसरे के मारी। एक गुट की तो कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दी गई। सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन दो और थाना डिवीजन तीन की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पहले पुलिस काफी समय तक तो एक दूसरे के इलाके को लेकर उलझी रही। बात में पता चला कि इलाका डिवीजन तीन का है। इसके बाद थाना डिवीजन तीन की पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लिया।
एक गुट के राकेश मेहंदी ने बताया कि उनका एक पुराना मामला था, जिसकी पेशी सोमवार को अदालत में थी। वह अपने भाई परगट सिंह, उसके दोस्त इंद्रजीत सिंह, चार्ली और सन्नी के साथ मिल पेशी पर गए थे। वहां से वापस आते हुए ईसा नगरी पुली पर पहले से ही बाइकों पर सवार युवकों ने उनकी स्विफ्ट कार को घेर लिया। हमलावरों ने गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
राकेश ने बताया कि वह किसी तरह गाड़ियों से बाहर निकले तो हमलावरों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। वह ठेके में अपनी जान बचाने के लिए भागे तो हमलावर भी आ गए और शराब की बोतलों से उन्हें घायल कर फरार हो गए। राकेश ने बताया उनका भाई परगट सिंह और इंद्र मोहन घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल दाखिल कराया है।
उधर, दूसरे लोटा गुट में घायल गैरी ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ खड़े थे। इसी दौरान हमलावर वहां आ गए और पुरानी रंजिश को लेकर दोनों गुटों में कहासुनी हो गई। हमलावरों ने उन्हें घेर कर पीटा है। जब वह बचाव के लिए भागे तो हमलावरों ने ठेके में घुस कर बोतलें चलानी शुरू कर दीं।
थाना डिवीजन तीन के एसएचओ इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों गुटों में झगड़ा हुआ था। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।