लुधियाना के रेलबे स्टेशन का दौरा करते फ्रांस के रेलवे अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब की आर्थिक राजधानी लुधियाना के रेलवे स्टेशन को विदेशी टिप्स से विश्व स्तरीय बनाने की कसरत शुरू हो गई है। स्टेशन का कायाकल्प करने संबंधी रोड मैप तैयार करने के लिए शनिवार को फ्रांस के माहिरों की तीन सदस्यीय टीम ने रेलवे स्टेशन का दौरा किया।
विशेष ट्रेन से आए विदेशी माहिरों ने रेलवे स्टेशन का दौरा किया और फोटोग्राफी की। डीजल शेड में रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक करके तमाम इनपुट लिए गए। विदेशी टीम रेलवे स्टेशन की कमियों को दूर करने और आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर रिपोर्ट तैयार करके केंद्रीय रेल मंत्रालय को सौंपेगी।
फ्रांस की टीम के लुधियाना पहुंचने से पहले ही स्टेशन को पूरी तरह से साफ किया गया। शनिवार सुबह विशेष रेलगाड़ी से फिरोजपुर डिवीजन के डिवीजनल रेलवे मैनेजर अनुज प्रकाश के साथ फ्रांस की एसएनडीएफ की टीम लुधियाना रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
विदेशी माहिरों ने डीआरएम अनुज प्रकाश समेत तमाम उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में रेलवे स्टेशन को नया रूप देने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। इस दौरान फ्रांस की एसएनसीएफ की टीम और एआरईपी कंपनी के एरिक दुसयोट ने बताया कि लुधियाना के साथ साथ अंबाला रेलवे स्टेशन को भी नया रूप देने का काम शुरू किया गया है।
इस संबंध में जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर पेश की जाएगी। इस अवसर पर फिरोजपुर डिवीजन के डीआरएम अनुज प्रकाश ने बताया कि लुधियाना रेलवे स्टेशन को माडर्न बनाने में 3.13 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इसमें से आधा खर्च भारतीय रेलवे द्वारा किया जाएगा। आधा खर्च फ्रांस की एसएनसीएफ द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन को माडर्न बनाने के साथ साथ प्लेटफार्मों की संख्या में बढ़ोतरी करने का कार्य किया जाएगा।