चुनावी दस्तक के बीच आसमान छू रही प्याज की कीमतें सरकार के लिए सिरदर्द बनी हुई हैं। विपक्षी दलों को प्याज के तौर पर चुनावी मुद्दा मिल गया है।
शनिवार को यूथ अकाली दल ने यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह एवं कृषि मंत्री शरद पवार को दीपावली गिफ्ट के रूप में मिठाई के डिब्बों में प्याज डाल कर पार्सल के माध्यम से भेजे।
शिअद यूथ विंग का तर्क है कि प्याज आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गया है और सरकार कोई कदम उठाने की बजाय दूसरों पर इसका दोष मढ़ रही है। ऐसे में आम आदमी कहां जाए।
युवा अकाली नेता गुरदीप सिंह गोशा के नेतृत्व में जगरांव पुल पर एकत्रित हुए युवा अकाली नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मनमोहन सिंह, सोनिया गांधी और शरद पवार को प्याज के तोहफे भेजने के साथ-साथ गरीब व मध्यम वर्ग को लोगों को दीपावली के अवसर पर उपहार के तौर पर प्याज भेंट किए।
गोशा ने यूपीए सरकार को बढ़ती महंगाई के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की शह पर बड़े घरानों से संबंधित स्टोरियो ने प्याज को स्टोर करके किल्लत पैदा की है। देश में प्याज की उतनी कमी नहीं है, जितनी कमी का हल्ला मचाया जा रहा है।
इस अवसर पर युवा अकाली नेता मनप्रीत सिंह बंटी, रणजीत सिंह बतरा, जसबीर सिंह दुआ, सुरजीत सिंह बाजड़ा और चरणप्रीत सिंह सहित अन्य मौजूद थे।