लुधियाना। बेकरी की आड़ में नशा तस्करी का धंधा करने वाले एक आरोपी को थाना सलेम टाबरी पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है, जबकि बेकरी मालिक मौके से फरार हो गया है। आरोपी से 35 ग्राम नशीला पाउडर बरामद हुआ है। पुलिस ने सरुप नगर निवासी मनी वर्मा के खिलाफ मामला दर्जकर उसे अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल कर लिया है। आरोपी से पूछताछ कर पुलिस बेकरी मालिक गुरनाम नगर निवासी राजेश कुमार का पता लगाने में जुटी है। एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी ने जालंधर बाइपास के पास नाकाबंदी की थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी राजेश की गुरनाम नगर में बेकरी की दुकान है। वह बेकरी की आड़ में नशा तस्करी का धंधा करता है। पुलिस ने बेकरी शॉप में दबिश दी आरोपी राजेश तो मौके से फरार हो गया, जबकि मनी को नशीले पदार्थ समेत काबू कर लिया गया।