लुधियाना। सविल अस्पताल में सोमवार को हड़कंप मच गया जब एसएमओ डॉक्टर अमरजीत कौर के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हो गई। 16 जनवरी को कोरोना वैक्सीन के शुभारंभ के समय एसएमओ मौके पर मौजूद थीं। इस दिन उनके पति डॉक्टर हरप्रीत सिंह ने टीका लगवाया था। सेहत विभाग ने तुरंत उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया। सिविल अस्पताल में रखे गए उद्घाटन समारोह में मंत्री भारत भूषण आशु, डीसी वरिंदर शर्मा, पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल समेत कई लोग मौजूद थे। सेहत विभाग का कहना है कि उन्होंने मास्क पहना हुआ था इसलिए ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है।
वहीं दूसरी तरफ सिविल सर्जन डॉक्टर सुखजीवन कक्कड़ ने बताया कि सोमवार को जिले भर में विभिन्न सेंटर पर 333 स्वास्थ्यकर्मियों को यह वैक्सीन दी गई है। शनिवार को पहले दिन 214 लोग वैक्सीन लगवाने पहुंचे थे। अब तक जिले भर में 547 लोगों को यह वैक्सीन दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि अब तक कोरोना वैक्सीन का कोई दुष्प्रभाव सामने नहीं आया है। एक दो लोगों को वैक्सीन देने के बाद हल्का बुखार होने की शिकायत मिली थी। उन्हें बुखार की दवा दे गई थी। वह अभी ठीक महसूस कर रहे है। एसएमओ के कोरोना पॉजिटिव आने की पुष्टि करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया है। समारोह के दिन सभी गाइडलाइन्स का पालन किया गया था। ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है।
निजी अस्पताल वैक्सीन लगाने में आगे
गौरतलब है कि जिले भर में कोरोना वैक्सीन देने के लिए पांच सेंटर बनाए गए हैं। इसमें लुधियाना सिविल अस्पताल, डीएमसी, सीएमसी, जगरांवा सिविल अस्पताल और खन्ना सिविल अस्पताल शामिल हैं। सोमवार को जिले भर में 333 लोगों को वैक्सीन दी गई। इसमें सबसे ज्यादा 133 वैक्सीन डीएमसी में दी गईं। इसके बाद सीएमसी में 67, खन्ना में 50, जगरांव में 44 और सिविल अस्पताल लुधियाना में 39 लोगों को वैक्सीन लगी है। इन आंकड़ों से साफ है कि सिविल अस्पताल में वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या कम है।