लुधियाना निगम ने शहर के एंट्री प्वाइंट को भी खूबसूरत बनाने का फैसला लिया है। इसके लिए खास डिजाइन तैयार किया जाएगा।
आर्किटेक्ट की मदद से चार डिजाइन तैयार किए गए हैं। इनके आधार पर शीघ्र ही काम शुरू किया जाएगा। सिटी के एंट्री प्वाइंट को सुंदर बनाने की योजना पर मेयर हरचरण सिंह गोहलवड़िया और कमिश्नर घनश्याम थोरी ने मंथन किया। मेयर ने इसके लिए हरी झंडी भी दे दी है।
पहले चरण में जालंधर बाईपास चौक, शेरपुर चौक, गिल चौक और समराला चौक को खूबसूरत बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर 12 से 13 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निगम ने इन चौकों की अप्रोच रोड को अपग्रेड करने का काम शुरू कर दिया है।
निगम पर्यावरण संभाल के लिए भी खास काम कर रहा है। चंडीगढ़ रोड, समराला चौक से चीमा चौक, जालंधर बाईपास से बुड्ढा नाला, जगरांव पुल से शेरपुर चौक, विश्वकर्मा चौक से जीएनई कालेज, ढंडी स्वामी से हंबड़ा रोड, सुफियां चौक से ओसवाल अस्पताल तक की सड़कों के बीच फुटपाथ को पौधे लगाने के लिए चुना गया है।
निगम कमिश्नर घनश्याम थोरी ने कहा कि शहर में आने वाले लोगों को एंट्री प्वाइंट पर ही खूबसूरती की झलक मिलेगी, ऐसे इंतजाम किए जा रहे हैं। निगम लुधियाना को स्मार्ट बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है, इसमें जनता का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।