लुधियाना। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में गैंगस्टरों को बठिंडा छुड़वाने सहित हथियारों की सप्लाई करवाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए पूर्व विधानसभा स्पीकर निर्मल सिंह काहलों के भतीजे संदीप काहलों से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। बताया जा रहा है कि संदीप काहलों के साथ-साथ उसके साथी सतबीर को भी इस बारे में जानकारी थी कि पंजाब में कुछ गैंगस्टर सिद्धू मूसेवाला की हत्याकांड करने की फिराक में हैं। हालांकि उन्हें यह नहीं पता था कि गैंगस्टर सिद्धू मूसेवाला को कब और कैसे मौत के घाट उतारेंगे।
पूछताछ में पता चला कि जब संदीप काहलों के कहने पर गैंगस्टर मनी रईया, मंदीप तूफान और एक अन्य को सतबीर बठिंडा छोड़कर आया था तो रास्ते में तीनों सिद्धू मूसेवाला को मौत के घाट उतारने की बातें कर रहे थे। इसके बाद सतबीर ने इसकी जानकारी संदीप काहलों को भी दी थी, लेकिन संदीप काहलों ने उसे चुप रहने के लिए बोल दिया और कहा कि वह इस बारे में सब कुछ भूल जाए कि वह किसी को छोड़ने गया था और कुछ हुआ भी है। जब सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड को अंजाम दिया गया तो संदीप काहलों के साथ-साथ सतबीर भी काफी परेशान था। जग्गू भगवानपुरिया के कहने पर संदीप काहलों ने प्लानिंग बनाई कि कहां से हथियार लेने हैं और गैंगस्टरों को कहां छोड़ना है। उसके बाद गैंगस्टरों तक हथियार कैसे पहुंचेंगे। जिसके बाद पुलिस ने सलेम टाबरी थाने में ही आरोपियों पर हत्या की धारा भी जोड़ दी थी। पुलिस संदीप काहलों से पूछताछ कर फरार चर रहे गैंगस्टर मनी रईया और मंदीप तूफान सहित बाकियों का भी पता लगाने में जुटी है।
सभी आरोपियों को आमने-सामने पूछताछ करने की तैयारी में कमिश्नरेट पुलिस
सीआईए 2 के इंचार्ज इंस्पेक्टर बेअंत जुनेजा ने बताया कि इस मामले में पहले पुलिस ने बलदेव चौधरी को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के बाद पटियाला के भादसो इलाके में रहने वाले कबड्डी खिलाड़ी जसकरण का नाम सामने आया। उसे गिरफ्तार किया गया तो पता चला कि सतबीर भी इस मामले में शामिल था और सतबीर से मिले इनपुट्स के बाद संदीप काहलों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि बलदेव, सतबीर और जसकरण पहले ही जेल में हैं। अब तीनों को दोबारा प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी चल रही है, ताकि सभी को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ की जाए और फरार चल रहे गैंगस्टर मनी र्रइया और मंदीप तूफान सहित बाकी आरोपियों का पता लगाया जा सके।