लोकल अड्डे के पास फायर ब्रिगेड के सेंट्रल ऑफिस में बुधवार सुबह पहली मंजिल पर दफ्तर में लगे एसी में शार्ट सर्किट से आग लग गई। धीरे-धीरे लगी आग बुरी तरह फैल गई। आग की लपटें देख वहां अफरा-तफरी मच गई। सभी मुलाजिम बाहर की तरफ भागे और गाड़ियां पीछे कर आग पर काबू पाना शुरू किया। आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारण एसी और अंदर लगे पर्दे पूरी तरह जल गए। बाकी का सामान समय रहते कर्मचारियों ने खुद ही निकाल लिया। आग की लपटें देख बाहर सड़क पर जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार फायर ब्रिगेड विभाग का लोकल बस अड्डे के पास सेंट्रल ऑफिस बनाया गया है। यहां से सारा काम आपरेट होता है। बिल्डिंग की पहली मंजिल पर दफ्तर बना हुआ है जहां पर एसी बाहर की तरफ लगा था। बुधवार सुबह अचानक उसमें आग लग गई। जब मुलाजिमों को आग का पता चला तो वह ऊपर भागे और सामान बाहर निकालने लगे। इसके बाद उन्होंने नीचे आकर गाड़ियां सीधी की और आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि आग एसी में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। आग काबू में है और नुकसान भी ज्यादा नहीं हुआ है।