एसएचओ अमनदीप सिंह गिल की गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ की रडार पर महानगर के कई पुलिस मुलाजिम और अधिकारी है। सूत्रों के अनुसार एसएचओ अमनदीप सिंह गिल के गिरफ्तार होने के बाद एसटीएफ को कई और बड़ी कामयाबी हासिल होने वाली है। अब देखना यह होगा कि एसटीएफ की टीम का अगला टारगेट लुधियाना पुलिस मुलाजिमों में कौन होता है।
एसटीएफ ने कराया एसएचओ अमनदीप का डोप टेस्ट
नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया एसएचओ अमनदीप सिंह गिल खुद नशा करता है या नहीं इसके लिए एसटीएफ की टीम ने एसएचओ अमनदीप सिंह गिल का गुरुवार को डोप टेस्ट करवाया। उसके सारे सैंपल ले लिए गए हैं, लेकिन अभी इस बात की रिपोर्ट नहीं आई है कि जिससे स्पष्ट हो सके कि वह नशे का आदी था या नहीं। इससे पहले एसटीएफ की टीम ने पंजाब पुलिस से बर्खास्त किए जा चुके हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह का डोप टेस्ट करवाया था जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
एसएचओ की फोन कॉल डिटेल हो रही है चेक
एसटीएफ की टीम ने अमनदीप सिंह गिल के फोन के साथ-साथ उसके ड्राइवर अजय के फोन भी अपने कब्जे में ले लिए है। पुलिस अमनदीप सिंह गिल के फोन कॉल्स की डिटेल निकलवा रही है ताकि पता चल सके कि उसके साथ संपर्क में कौन-कौन से पुलिस मुलाजिम है और अधिकारी है। सूत्रों का कहना है कि कोई ऐसा वैसा काम करने के लिए एसएचओ अमनदीप सिंह गिल फोन पर नहीं बल्कि व्हाट्सएप कॉल का इस्तेमाल करता था ताकि किसी को उस पर कोई शक न हो।
पुलिस उसके ड्राइवर अजय का भी फोन चेक करवा रही है ताकि उसके संपर्क सूत्रों के बारे में पता चल सके। सूत्र बताते है कि एसएचओ अमनदीप सिंह गिल के साथ संपर्क में रहने वाले कई मुलाजिमों ने खुद को बचाने के लिए सिफारिशे ढूंढनी शुरु कर दी है। इसके अलावा एसटीएफ की टीम यह भी जांच करने में जुटी है कि अमनदीप के किन नशा तस्करों से संबंध थे। टीम आरोपी अमनदीप के राजनीति संबंधों के बारे में भी जांच कर रही है।
घर और दफ्तरों में पड़ी फाइलों की भी हो रही है जांच
एसटीएफ की टीम ने जिस समय आरोपी एसएचओ अमनदीप सिंह गिल को खाली कलां स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया था तो पता चला था कि कई फाइल दफ्तर की उसके घर पर पड़ी है। पुलिस अब घर और उसके दफ्तर में पड़ी फाइलों की भी जांच कर रही है, ताकि पता चल सके कि उसने पांच नशा तस्करों के अलावा किसीऔर को तो नहीं छोड़ा।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
एसटीएफ के एआईजी स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि एसएचओ अमनदीप सिंह गिल से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस जल्द ही खुलासे कर सभी को बताएगी।