जगरांव (लुधियाना)। लेह के बटालिक सेक्टर में 22 पंजाब रेजिमेंट में तैनात नायब सूबेदार परविंदर सिंह का शव रविवार को जगरांव के गांधी नगर पहुंचा। सूबेदार शनिवार (27 फरवरी) को शहीद हो गए थे। ड्यूटी के समय बर्फ पर पैर फिसलने के कारण खाई में गिरकर उनकी मौत हो गई थी। शव की हालत को देखते हुए परिवार की सहमति से रविवार रात 9.30 बजे उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार शहीद नायब सूबेदार का शव रविवार को देर शाम को पहुंचा। शहीद के पिता अमर सिंह, पत्नी कुलविंदर कौर, बेटे सिमरजीत सिंह (13) और जसप्रीत सिंह (11) सहित शहर से बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। देर रात अंतिम यात्रा निकाली गई। शहीद के बड़े बेटे सिमरजीत सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। नायब सूबेदार के शहीद होने की खबर आते ही कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये देने का एलान किया है। इस दौरान विधायक सर्वजीत कौर माणूके, जिला योजना बोर्ड चेयरमैन मलकीत सिंह दाखा भी मौजूद थे।