संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। तीन नवंबर को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) का वार्षिक चुनावी इजलास होगा। इसमें एसजीपीसी के अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों व कार्यकारिणी कमेटी के सदस्यों का चुनाव होगा। इसके लिए एसजीपीसी ने तैयारियां पूर्ण कर ली है। सभी सदस्यों को इसके लिए सूचित कर दिया गया है। इस चुनाव के अलावा अलग-अलग पंथक प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे।
एसजीपीसी के गलियारे में चर्चा है कि इस बार चुनावी इजलास हंगामा पूर्ण होगा। अकाली दल बादल के विभाजित होने के बाद नव गठित अकाली दल स्थापित होने के चलते एसजीपीसी में भी कई सदस्य सत्ताधारी बादल दल को छोड़ का अकाली दल पुनर्गठित के साथ मिल गए हैं। नव गठित अकाली दल की ओर से इस बार भी जोरदार ढंग से अकाली दल बादल के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के मुकाबले अपना उम्मीदवार खड़ा किया जाएगा। इसके लिए जोड़-तोड़ बड़े स्तर पर चल रहा है।
इजलास के दौरान तख्त साहिबों के सिंह साहिबान की नियुक्ति के सेवा नियम बनाने में प्रधान हरजिंदर सिंह धामी के विफल रहने पर विपक्षी सदस्यों की ओर से धामी को घेरने की तैयारी हो सकती है। जत्थेदार कुलदीप सिंह की दूसरी बार ताजपोशी को लेकर भी हंगामा होने की संभावना है। पहली ताजपोशी अगर स्वीकार नही थी तो पहली से लेकर दूसरी ताजपोशी तक जत्थेदार की ओर से जो फैसले कौम के लिए किए गए वह कहां तक मान्य है। इस पर भी इजलास में बहस होने की संभावना है।
विपक्ष की ओर से कहा जा रहा है कि एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने उम्मीद के अनुसार सिंह साहिबान की नियुक्ति को लेकर सेवा नियम, विधि विधान तैयार करने के मामले को ठंडा बस्ते में डाल दिया है। इसी वर्ष 28 मार्च को हुई जनरल हाउस की बैठक के बाद अब फिर 3 नवंबर को दूसरी बैठक होने जा रही है लेकिन सेवा नियम बनाने के कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। इसको लेकर विपक्ष हाउस में हंगामा कर सकता है।