संगरूर में एक्सीईएन को मांग पत्र देते भाजपा नेता जतिंदर कालड़ा।
- फोटो : SANGOOR
संगरूर के निवासियों को सीवरेज सुविधा बेहतर देने के लिए चार साल पहले शिअद भाजपा के कार्यकाल दौरान शुरू किया 110 करोड़ का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट अधर में है। ऐसे में शहर की सीवरेज व्यवस्था चरमरा गई है। सीवरेज व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश नेता जतिंदर कालड़ा ने सीवरेज बोर्ड के एक्सईएन महेश चावला को ज्ञापन सौंपा।
उल्लेखनीय है कि अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल दौरान वर्ष 2016 में आरंभ किया 110 करोड़ का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट सिरे न चढ़ने के कारण अधर में है। ऐसे में बारिश के पानी का निकासी नहीं हो पा रही है। बारिश होते ही शहर के कई हिस्से झील में तब्दील हो जाते हैं। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर जहां अकाली-भाजपा मौजूदा सरकार पर ठीकरा फोड़ रहे हैं, वहीं कांग्रेस सरकार तीन वर्ष के कार्यकाल दौरान भी इस प्रोजेक्ट को पूरा नहीं कर सकी।
बातचीत करते हुए भाजपा नेता कालड़ा ने कहा कि शाहपुरजी प्लोनजी कंपनी इस प्रोजेक्ट के एग्रीमेंट का उल्लंघन कर रही है। कुछ मुलाजिमों की मिलीभगत से यह गोरखधंधा चल रहा है। पानी व सीवरेज के बिल तो वसूल किए जा रहे हैं, जबकि सुविधा का नामोनिशान नहीं है। सीवरेज बोर्ड व कंपनी के एग्रीमेंट के मुताबिक संगरूर में कोई भी मैनहोल ओवरफ्लो नहीं होने, बंद हुआ सीवरेज चौबीस घंटे में खोलने, बरसाती मौसम से पहले सीवरेज लाइनों की सफाई करने, वैज्ञानिक तरीके से कार्य पूरा करने, मैनहोल से निकली गंदगी का दो सीवरेज क्लीनिंग मशीनों से निपटारा करने का भरोसा दिया गया था। साथ ही शहर के लिए चौबीस घंटे पानी की सप्लाई देने, पानी की टेस्टिंग के लिए लेबोरेटरी स्थापित करने, पानी के मीटर लगाने, पानी की लीकेज व गंदे पानी की शिकायत 12 घंटे में ठीक करने की शर्तों का पालन करना था। लेकिन कंपनी इन शर्तों का कहीं भी पालन नहीं कर रही है। कालडा ने कहा कि शहर में बरसाती पानी जमा होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शहर के गली-मोहल्लों से लेकर बाजारों व हर जगह पानी भर रहा है, लेकिन अब विभाग का दावा है कि सीवरेज की लाइनें बरसात के पानी की निकासी के लिए सक्षम नहीं हैं। उन्होंने एग्रीमेंट की शर्ते पूरी करने, कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, सीवरेज व्यवस्था ठीक करने की मांग की।
फोटो:31एसजीआरपी06: संगरूर में एक्सईएन को मांग पत्र देते भाजपा नेता जतिंदर कालड़ा।