बरनाला। जिला प्रशासन धान की पराली के उचित प्रबंधन और पराली जलाने पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। इसके तहत विभिन्न एसडीएम ने खेतों और अनाज मंडियों का दौरा कर किसानों को जागरूक किया।
बरनाला एसडीएम अजीतपाल सिंह चहल ने फरवाही और कट्टू गांवों में किसानों से पराली न जलाने की अपील की। उन्होंने आधुनिक कृषि मशीनरी से प्रबंधन का सुझाव दिया। तपा एसडीएम आयुष गोयल और महल कलां एसडीएम बेअंत सिंह ने अपने-अपने क्षेत्रों में खेतों का निरीक्षण किया। दोनों ने ही खेतों में लगी आग को मौके पर बुझवाया। अधिकारियों ने पर्यावरण और भूमि की उपजाऊ शक्ति बचाने के लिए पराली न जलाने की अपील की। प्रशासन ने कृषि मशीनरी की जरूरत होने पर हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।