पिटाई के वीडियो पर सरपंच की सफाई
- फोटो : संवाद
जगराओं में सिधवां बेट के गांव सलेमपुरा में आम आदमी पार्टी से जुड़े सरपंच पर एक युवक ने कथित तौर पर दबदबे का इस्तेमाल करते हुए उसके साथ मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का आरोप है कि बिना किसी आधार के उसका नाम नशा करने वालों और नशा तस्करी से जुड़े लोगों की सूची में डाल दिया गया, जिसके बाद पुलिस उसके घर बार-बार तलाशी लेने पहुंचने लगी। इसी मामले में शिकायत करने पहुंचे युवक की सरपंच के घर पर कथित तौर पर डंडों से पिटाई कर दी गई।
घायल युवक हरजीत सिंह ने बताया कि वह न तो नशा करता है और न ही नशे की तस्करी से उसका कोई संबंध है। इसके बावजूद पुलिस उसके घर पर एक-दो दिन के अंतराल पर तलाशी लेने पहुंच रही थी। इससे परेशान होकर उसने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो उसे पता चला कि गांव के सरपंच द्वारा पुलिस को दी गई नशा तस्करों और नशे के आदी लोगों की सूची में उसका नाम भी शामिल किया गया है।
हरजीत के मुताबिक, इसी शिकायत को लेकर वह देर रात सरपंच के घर पहुंचा और अपना नाम सूची से हटाने की मांग की। आरोप है कि बातचीत के दौरान मामला गरमा गया और सरपंच ने डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट में वह घायल हो गया, जिसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। युवक का यह भी आरोप है कि मारपीट की वीडियो बनाई गई।
घायल युवक ने आरोप लगाया कि सरपंच आम आदमी पार्टी से जुड़ा हुआ है और इसी राजनीतिक रसूख के चलते उसके साथ इस तरह का व्यवहार किया गया। सरपंच दविंदर सिंह ने युवक के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि युवक देर रात हमला करने की नीयत से उनके घर में घुसा था। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने उनकी पत्नी को धक्का दिया और गाली-गलौच की, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई।