संगरूर। किसान आंदोलन के तहत राष्ट्रीय किसान संयुक्त मोर्चा के कार्यक्रम का प्रचार करने वाली वैन को टोहाना के डीएसपी ने थाने में बंद कर दिया। इससे खफा भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां की अगुवाई में 13 मार्च को मूनक में टोहाना कैंचिया पर धरना लगाकर टोहाना का यातायात बाधित किया जाएगा।
भाकियू उगराहां के ब्लॉक लहरागागा के अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह पिशौर ने कहा कि कृषि कानूनों को लेकर पगड़ी संभाल जट्टा समिति हरियाणा की ओर से जाखल की अनाज मंडी में 15 मार्च को महापंचायत करने जा रही है। उनके संगठन की गाड़ी इस महापंचायत कार्यक्रम के लिए प्रचार कर रही थी। महापंचायत में होने वाले इकट्ठ से घबराई हरियाणा सरकार के इशारे पर टोहाना के डीएसपी ने प्रचार वैन को थाने में बंद कर दिया। जब संगठन के नुमाइंदे डीएसपी से बात करने पहुंचे तो उन्होंने ओहदे का रोब दिखाते हुए उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसे लेकर टोहाना मुख्य मार्ग जाम करने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि डीएसपी टोहाना हरकतों से बाज न आए तो संगठन 15 मार्च को जाखल की महापंचायत के पश्चात हरियाणा के डीएसपी के खिलाफ अन्य कार्रवाई करेगा।
वहीं डीएसपी टोहाना बीरम सिंह का कहना है कि उनपर लगाए गए आरोप निराधार हैं। पुलिस ने जिस गाड़ी को बंद किया है, उसमें कोई किसान मौजूद नहीं था। गाड़ी 20-22 साल पुरानी थी। गाड़ी चालक के पास गाड़ी के दस्तावेज भी नहीं थे। इसके कारण गाड़ी बाउंड की गई है।