अमृतसर। अजनाला इलाके में बाढ़ से प्रभावित किसानों और पशुपालकों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने मिशन चढ़दी कला और मिशन सांझा उपराला के तहत 23 पशुपालकों को साहीवाल गायें प्रदान कीं। यह वितरण डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह के नेतृत्व में हुआ, जिसमें राकेश हांडा की मदद भी शामिल रही।
इस अवसर पर विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल, डॉ. इंदरबीर सिंह निजर, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव सैमसन मसीह और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। धालीवाल ने कहा कि गाय दान को सबसे पवित्र और संतोषजनक दान माना जाता है। ये गायें न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं बल्कि जरूरतमंद परिवारों के लिए रोजगार का जरिया भी बनेंगी। उन्होंने राकेश हांडा और उनके परिवार का सहयोग के लिए धन्यवाद किया। डाॅ. निजर ने कहा कि मिशन रंगला पंजाब चढ़दी कला के तहत देश-विदेश के समाजसेवियों और दानदाताओं के सहयोग से बाढ़ पीड़ितों का पुनर्वास जारी है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रभावित परिवारों को स्थायी सहारा मिलेगा और उन्हें जीवनयापन में मदद मिलेगी। इस कार्यक्रम से स्थानीय किसानों और पशुपालकों में खुशी और आत्मनिर्भरता की भावना बढ़ी, जो उन्हें बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से उबरने में मदद करेगी। संवाद