पुलिस ने आरोपी चालक लखविंदर सिंह निवासी ईंदा, शाहकोट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन गिरफ्तारी न होने से लोगों में भारी रोष है। गांववालों ने दो टूक कह दिया कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक पोस्टमार्टम और संस्कार नहीं होंगे।
जगरांव के सिधवां बेट रोड पर हादसे में दो लोगों की मौत के मामले में आरोपियों की पहचान के बावजूद गिरफ्तारी न होने पर परिजन भड़क गए। गुस्साए परिजनों ने थाना सिधवां बेट के बाहर जालंधर हाईवे पर धरना लगाकर सड़क जाम कर दी। परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम करवाने और अंतिम संस्कार करने से भी साफ इंकार कर दिया।
विज्ञापन
शिकायतकर्ता बलजीत सिंह ने बताया कि बुधवार को उसका भाई बलराज सिंह और चाचा किशन सिंह बाइक पर गांव सदरपुरा से जगरांव की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे गांव लीला मेघ सिंह के नजदीक पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार टाटा सफारी के चालक ने एक गाड़ी को ओवरटेक करते हुए सीधे उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गाड़ी सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक लखविंदर सिंह निवासी ईंदा, शाहकोट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन गिरफ्तारी न होने से लोगों में भारी रोष है। गांववालों ने दो टूक कह दिया कि जब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक पोस्टमार्टम और संस्कार नहीं होंगे। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
विज्ञापन
गौरतलब है कि इस हादसे में मृतकों की पहचान गांव सदरपुरा निवासी 40 वर्षीय बलराज सिंह और 27 वर्षीय किशन सिंह के रूप में हुई है। हादसा इतना भीषण था कि टाटा सफारी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बाइक चकनाचूर हो गई।