जगरांव (लुधियाना)। जगरांव पुलिस ने खूंखार गैंगस्टर और पूर्व विधायक मलकीत सिंह कीतू के कातिल जस्सा के मामले में आरोपी और तीन हवलदारों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। शुक्रवार देर रात तक पुलिस जगरांव के राजा ढाबे पर पुलिस को चकमा देकर भागे कैदी के मामले की जांच में लगी रही।
तीनों हवलदारों के लापता हो जाने से पुलिस मामले की हकीकत का पता नहीं लगा पाई है। शनिवार को थाना सिटी की पुलिस ने आरोपी जस्सा की फरारी के बाद तीनों हवलदारों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी लुधियाना देहाती आशीष चौधरी ने तीनों आरोपी हवलदारों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
एसएसपी का अनुमान है कि आरोपी जस्से की फरारी का पूरा मामला योजनाबद्ध था। इस मामले में तीनों पुलिस मुलाजिमों की लापरवाही सामने आई है। वे आरोपी को निजी गाड़ी में घुमाते रहे और उसके साथ कानूनी दायरे से बाहर रह कर भोजन करने लग गए।
उन्होंने कहा कि इस मामले में तीनों हवलदारों से पूछताछ में पता चला है कि जस्से के भागने में पुलिसकर्मियों का कोई रोल नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस बात को अभी इंकार नहीं किया जा सकता कि मुलाजिमों ने उसको भेजने में मदद न की हो। उन्होंने साथ ही कहा कि इस मामले की जांच पूरी होने उपरांत ही असलियत सामने आएगी।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को नाभा पुलिस पूर्व विधायक मलकीत सिंह कीतू के कत्ल केस में नाभा जेल में बंद आरोपी जसप्रीत सिंह जस्सा को एक निजी गाड़ी में मोगा की अदालत में पेशी पर लेकर आई थी। पेशी के बाद पुलिसकर्मी आरोपी को लेकर वापस आ रहे थे ।
इस दौरान जगरांव जीटी रोड पर राजा ढाबे पर जस्सा पुलिस पार्टी के साथ रोटी खाने लगा और इस दौरान पुलिस को चकमा देकर फुर्र हो गया।
शुक्रवार की देर रात जगरांव पुलिस ने इस मामले में आरोपी जसप्रीत सिंह जस्सा पुत्र गुरदीप सिंह निवासी बलासपुर (मोगा) के अलावा पटियाला के हवलदार गुरजंट सिंह, हवलदार रघुवीर सिंह, हवलदार मनजीत सिंह के खिलाफ थाना सिटी जगरांव में मामला दर्ज करके शनिवार को उनको काबू कर लिया, लेकिन आरोपी जस्सा के बारे में अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।