सिविल अस्पताल लुधियाना में चूहों से मरीज और उनके तीमारदार खासे परेशान हैं। सिविल अस्पताल के मदर एंड चाइल्ड यूनिट (एमसीएच) में चूहे खूब उछल-कूद कर रहे हैं। चूहों से नवजात शिशुओं में संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।
पंजाब के लुधियाना सिविल अस्पताल में चूहों का खूब आतंक है। सिविल अस्पताल के मदर एंड चाइल्ड यूनिट (एमसीएच) चूहों की वजह से एक बार फिर से सुर्खियों में है। मदर एंड चाइल्ड यूनिट वह वार्ड है जहां नवजात शिशु और उनकी माताएं भर्ती हैं।
विज्ञापन
दरअसल मदर एंड चाइल्ड यूनिट में उछल कूद करते चूहों की एक वीडियो वायरल हुई है। इस वीडियो ने सेहत विभाग व जिला प्रशासन की तरफ से जारी पेस्ट कंट्रोल के दावों की पोल खोलकर रख दी है। बताया जा रहा है कि ये वीडियो वार्ड में भर्ती किसी मरीज के तीमारदार ने बनाई है।
विज्ञापन
इसमें एमसीएच की पहली मंजिल पर मरीजों के आसपास व खाने पीने के सामान में चूहे घूमते दिख रहे हैं। इससे अंदर भर्ती महिलाओं और उनके नवजात बच्चों को संक्रमण व चूहों के काटने से शारीरिक नुकसान होने का खतरा बना हुआ है। वहीं एमसीएच में बरामदे व लिफ्ट के पास भी चूहों के झुंड घूम रहे हैं और इनकी संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है।
बता दें कि अप्रैल 2024 में भी एमसीएच में मरीजों के आसपास चूहों के झुंड घूमने की वीडियो सामने आई थी। उस समय सेहत विभाग व जिला प्रशासन ने चूहों की रोकथाम के लिए पीएयू (पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी) से पेस्ट कंट्रोल विशेषक्षों की मदद ली थी और पूरी इमारत में पेस्ट कंट्रोल अभियान चलाकर कुछ ही दिनों में चूहों से पूर्ण तौर पर मुक्ति मिलने का दावा किया था, लेकिन करीब 8 महीने बीतने के बाद चूहों ने फिर से घर वापसी कर ली है।