जांच के बाद थाना माडल टाउन पुलिस ने किया मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। मॉडल टाउन इलाके में रविवार देर रात एक इमिग्रेशन कंपनी के कार्यालय को निशाना बनाया गया। बाइक पर आए दो नकाबपोश हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
गनीमत रही कि घटना के समय कार्यालय बंद था जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, दफ्तर के शीशे चकनाचूर हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। प्रबंधकों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर थाना मॉडल टाउन की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जांच और अंदेशा
शुरुआती जांच और सूत्रों के अनुसार वारदात के तार रंगदारी की मांग से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पहले कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं थी। एसीपी और थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।