पटियाला में मंगलवार को सद्भावना रैली के लिए अकाली दल ने जिला फतेहगढ़ साहिब के कई स्कूलों की बसें हॉयर की। इससे कई बच्चों का पेपर रद् करवा दिया गया। बुधवार को श्री गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस की सरकारी छुट्टी पर बच्चे अपना पेपर देंगे। जिले भर के कई बड़े स्कूलों जीसस सेवियर स्कूल, डिवाइन लाइट, सेंट मैरी स्कूल, जीपीएस मंडी गोबिंदगढ़, ओपी बंसल स्कूल मंडी गोबिंदगढ़, सेक्रेड हार्ट स्कूल, सीसे स्कूल सरहिंद, सैफर्न सिटी स्कूल अमलोह, दीया इंटरनेशनल स्कूल सहित लगभग 12 स्कूलों की बसें रैली में भीड़ जुटाने के लिए लगाई गई थीं। इसी कारण स्कूल में छुट्टी करनी पड़ी। प्राइवेट स्कूल संचालकों ने कहा कि उन्हें तो डीटीओ दफ्तर और एडीसी के दबाव में अपनी बसें रैली में भेजनी पड़ी। मंगलवार को उनके स्कूल में विभिन्न क्लासों के पेपर थे। वहीं एक बड़े शिक्षण संस्थान के संचालक ने कहा कि सरहिंद हलका इंचार्ज और पूर्व विधायक दीदार सिंह भट्टी के ग्रीन फील्ड स्कूल और लिंकन कॉलेज में न तो छुट्टी की गई और न ही वहां की कोई बस रैली के लिए भेजी गई।
इसके अलावा रैलियों में जाने के लिए निकले वर्करों की गाड़ियों से मंडी गोबिंदगढ़ और खन्ना नेशनल हाईवे-1 पर लंबा जाम लग गया। प्रिस्टाइन मॉल खन्ना के पास लगे जाम में कई शादी-विवाह वाली गाड़ियां फंस गई।