लुधियाना में बरसात के बाद भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब की आर्थिक राजधानी में सोमवार को 59 एमए पानी बरसा, लोगों को उमस से राहत मिली लेकिन जगह-जगह पानी भर गया। स्मार्ट सिटी बनने जा रहे लुधियाना को सुंदर बनाने में एक तरफ तो प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ रहा है, लेकिन बारिश ने सभी दावों की पोल खोल दी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान आसमान में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है।
पिछले कुछ दिनों से लोग उमस भरी गर्मी से खासे परेशान थे। सोमवार सुबह काले बादल आए और करीब नौ बजे झमाझम बारिश शुरू हो गई। डेढ़ घंटे में 59 एमएम पानी बरस गया। शहर की अधिकतर सड़कों पर पानी जमा हो गया। निकासी का पुख्ता इंतजाम न होने के कारण लोगों को दोपहर तक दिक्कतें पेश आईं। सड़कों पर लंबा जाम लग गया।
दमोरिया पुल, मॉडल टाउन, हैबोवाल, जस्सियां रोड, माता रानी चौक, ट्रांसपोर्ट नगर, बस्ती जोधेवाल, बाजवा नगर, सरदार नगर, माधोपुरी और जनकपुरी समेत कई इलाकों में जलभराव की समस्या रही। पीएयू स्थित मौसम विभाग के माहिरों का कहना है कि शहर में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। नमी की अधिकतम मात्रा 87 और न्यूनतम मात्रा 67 फीसदी रही।