प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बृहस्पतिवार को जगरांव में एक मनी एक्सचेंजर के अरबों के हवाला कारोबार का भंडाफोड़ किया है।
टीम ने मनी एक्सचेंजर के दफ्तर, घर और अन्य ठिकानों पर छापामारी करके 74 लाख रुपये की नगदी, दो लाख रुपये मूल्य के डॉलर और कई देशों की करेंसी जब्त की है।
ईडी को मनी एक्सचेंजर के ठिकानों से हवाला के जरिए विश्व के कई देशों में सौ करोड़ रुपये के कारोबार करने के दस्तावेज मिले हैं।
अधिकारियों ने दस्तावेजों को कब्जे में ले लिया है। साथ में ही मनी एक्सचेंजर के घुमार मंडी इलाके में इसके एक रिश्तेदार के दफ्तर और घर पर भी छापेमारी की गई।
ईडी के डिप्टी डायरेक्टर हिमांशु कुमार लाल के नेतृत्व में पंजाब पुलिस ने जगरांव के मोहल्ला विजय नगर स्थित चीना मनी एक्सचेंजर के दफ्तरों और कोठी में एक साथ छापेमारी की।
मनी एक्सचेंजर विजय कुमार चीना से सौ करोड़ रुपये के कारोबार करने के कागजात मिले हैं। इसके अलावा ऐसे सबूत भी मिले हैं, जिनसे यह साफ होता है कि उक्त मनी एक्सचेंजर एक महीने में सौ करोड़ का हवाला राशि का कारोबार करता था।