पीएचडी चैंबर की ऑनलाइन बैठक में शामिल मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह व उद्योगपति।
- फोटो : SANGOOR
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कोरोना संकट में इंडस्ट्री को प्रफुल्लित करना उनकी सरकार का प्राथमिक एजेंडा है। सरकार की इस मंशा के चलते ही संकट के मौजूदा दौर में पंजाब में 78 फीसदी इंडस्ट्री चल पड़ी है और करीब 65 फीसदी प्रवासी मजदूर पंजाब में काम कर रहे हैं। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों से वीडियो कॉफ्रेंसिंग से ऑनलाइन बैठक के दौरान सीएम ने कहा कि इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए पंजाब में जल्द ही चार नए इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित किए जाएंगे और यहां निवेशकों को हर सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सुखद पहलू है कि पंजाब में 128 लाख टन फसल की पैदावार हुई है और इससे पंजाब की आर्थिकता को बल मिला है। कैप्टन ने कहा कि पंजाब में पांच एयरपोर्ट (आदमपुर, साहनेवाल, बठिंडा, अमृतसर व मोहाली) के दम पर एयर कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है। इससे विदेशी निवेशक पंजाब की तरफ रुख करेंगे। उद्योग मंत्री सुंदर श्याम अरोड़ा ने कहा कि प्रवासी मजदूरों के पंजाब में रहने के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। लेबर के रहने से लेकर खाने का प्रबंध किया गया है। बैठक में उद्योग मंत्री सुंदर श्याम अरोड़ा, विशेष सचिव विनी महाजन, चैंबर के प्रदेश अध्यक्ष करण गिल्होत्रा, आरएस सचदेवा, डायरेक्टर इंडस्ट्री सी सिब्बन, घनश्याम कांसल ने उद्योगों से संबंधित कई परेशानियां सीएम के समक्ष रखीं।